पवन सिंह की पत्नी के सपोर्ट में उतरीं अक्षरा सिंह?

भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह इन दिनों अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह के साथ रिश्ते में चल रही अनबन अब कानूनी मोड़ ले चुकी है. दोनों का तलाक होने जा रहा हैं और ये केस बिहार के आरा सिविल कोर्ट में चल रहा है. कुछ दिन पहले इस केस की सुनवाई भी हुई थी, जहां ज्योति तो कोर्ट पहुंचीं, लेकिन पवन सिंह वहां नहीं गए.

पवन और ज्योति के तलाक पर हर किसी की नजर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि ज्योति ने एलिमनी में करोड़ों रुपयों की मांग की है. ज्योति केस की सुनवाई के दौरान रो भी पड़ीं. उन्होंने कोर्ट में अपना दर्द बयां करते हुए 10 करोड़ रुपये मांगे. हालांकि पवन सिंह के वकील ने साफ किया कि ज्योति की मांग पर जज ने उन्हें समझाया, फिर आखिर में वो नोएडा में एक फ्लैट और 3 करोड़ रुपये की एलिमनी पर सहमत हो गई.

बता दें, ज्योति सिंह की एलिमनी डिमांड पर काफी चर्चा भी हुई. अब उनके सपोर्ट में पवन सिंह की एक्स-गर्लफ्रेंड अक्षरा सिंह आई हैं. उन्होंने ज्योति की मांग को सही बताया है. न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान भोजपुरी एक्ट्रेस ने कहा, ‘जब भी कोई लड़की शादी करती है और किसी के साथ चली जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी उस आदमी की हो जाती है. साथ ही तलाक होने पर मेंटेनेंस या एलिमनी लेना उसका पूरा हक है, और उसे पूरा मिलना चाहिए. बिल्कुल मिलना चाहिए, चाहे वो 10 करोड़ मांगे, 20 करोड़ मांगे, या 100 करोड़ भी मांगे, तब भी शायद वो काफी ना हो.’