न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) युवा तेज गेंदबाज आकिब नबी को इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने का मौका दिलाने की कोशिश कर रहा है। बीसीसीआई कुछ इंग्लिश काउंटी क्लबों के संपर्क में है, ताकि नबी को काउंटी चैंपियनशिप के अंतिम दौर में 2-3 रेड-बॉल मुकाबले खेलने का मौका मिल सके। आकिब नबी ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 60 विकेट हासिल किए थे और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। हालांकि, हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई दो टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल सकी।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि भारतीय टीम प्रबंधन और चयन समिति की योजना है कि तेज गेंदबाजों को पर्याप्त रेड-बॉल क्रिकेट मिले। इसी वजह से आकिब नबी के लिए इंग्लैंड में कुछ काउंटी मैचों की व्यवस्था करने की कोशिश की जा रही है। सूत्र के मुताबिक, ‘बीसीसीआई इंग्लैंड में ऑकिब के लिए कम से कम दो से तीन रेड-बॉल मैचों की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहा है। यह उसके लिए काफी उपयोगी होगा।’ हालांकि इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में अंतर है, लेकिन न्यूजीलैंड की स्विंग और सीम गेंदबाजी के लिहाज से इंग्लैंड में रेड-बॉल क्रिकेट का अनुभव नबी के लिए फायदेमंद माना जा रहा है।
