BCB डायरेक्टर ने बांग्लादेशी क्रिकेटर तमीम इकबाल को कहा ‘भारतीय एजेंट

बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में मौजूदा तनाव को बातचीत से खत्म करने की बात कही थी, जिसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के डायरेक्टर एम नजमुल इस्लाम ने उन्हें “भारतीय एजेंट” कहकर उनका मजाक उड़ाया. पिछले कुछ दिनों से बीसीबी और बीसीसीआई आमने सामने है. बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से रिलीज कर दिया था, जिसके बाद बांग्लादेश ने आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी और आईसीसी से मांग करी है कि उनके टी20 वर्ल्ड कप के मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाए क्योंकि वह भारत नहीं जाना चाहते.

द डेली स्टार के अनुसार, तमीम ने कहा था, “क्योंकि मैं बीसीबी से जुड़ा नहीं हूं, किसी भी आम इंसान की तरह, मुझे भी मीडिया से ही इसके बारे में पता चल रहा है. लेकिन मुझे यकीन है कि जो लोग इन मामलों को देख रहे हैं, उनके पास ज़्यादा जानकारी होगी. मुझे अचानक कमेंट नहीं करना चाहिए. हालांकि, मैं यह कह रहा हूं कि ऐसा कोई भी फैसला लेने से पहले बांग्लादेश क्रिकेट के हित, भविष्य और बाकी सभी चीजों पर विचार किया जाना चाहिए. अगर कोई चीज बातचीत से सुलझ जाए तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता.”

तमीम इकबाल का साफ तौर पर ये कहना था कि बांग्लादेश क्रिकेट को 90 से 95 प्रतिशत फाइनेंस आईसीसी से आता है, इसलिए कोई भी बयान पब्लिक में देने से पहले विचार करें क्योंकि फिर पीछे हटना मुश्किल हो जाता है.