आजमगढ़ :- आजमगढ़ की तहसील बूढ़नपुर में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि भूमि विवादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। नियमानुसार पैमाइश कर खूंटा गाड़कर कब्जा दिलाया जाए तथा यदि कोई दबंग पैमाइश के बाद खूंटा उखाड़ता है या सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।डीएम ने बरसात को देखते हुए नगर पंचायत क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस पर अधिक शिकायत वाले गांवों का भ्रमण कर समस्याओं के स्थायी समाधान पर विशेष जोर दिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 140 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 132 मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आजमगढ़ :-पैमाइश के बाद खूंटा उखाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम बूढ़नपुर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस, 140 शिकायतों में 8 का मौके पर निस्तारण
