साउथ की बड़ी फिल्म में हुई अनिल कपूर की एंट्री

अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी के जरिए ये कंफर्म किया कि वो जूनियर एनटीआर की प्रशांत नील द्वारा निर्देशित फिल्म ‘ड्रैगन’ में नजर आएंगे। इस फिल्म के जरिए अनिल कपूर ने तेलुगु सिनेमा में वापसी की। अनिल कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक आईएमडीबी की फोटो शेयर की है। इसमें फिल्म ‘ड्रैगन’ को 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल किया गया है। इसमें ड्रैगन की स्टारकास्ट में जूनियर एनटीआर और फिल्म की बाकी कास्ट के साथ अनिल कपूर का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही अनिल ने कैप्शन में लिखा, ‘एक आ चुकी है और बाकी दो लाइन में हैं।’ इससे पता चलता है कि आने वाले दिनों में अनिल कपूर दो तेलुगु या साउथ की फिल्मों में नजर आ सकते हैं। या फिर हो सकता है कि साल 2026 में उनकी दो और फिल्मों की घोषणा होनी हो।

‘केजीएफ’ फेम निर्देशक प्रशांत नील द्वारा निर्देशित ‘ड्रैगन’ में जूनियर एनटीआर प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ रुक्मिणी वसंत और टोविनो थॉमस भी इस फिल्म में प्रमुख भूमिका में दिखाई देंगे। अब अनिल कपूर ने भी फिल्म में अपनी मौजूदगी को कंफर्म कर दिया है। फैंस इस फिल्म का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।