भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन एक बार फिर मैदान में आपको दिखाई देंगे. इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने के बाद अब वे फ्रेंचाइजी टी20 लीग में नई शुरुआत कर सकते हैं. खबरों के मुताबिक, अश्विन यूएई में होने वाली ILT20 लीग में हिस्सा लेने की तैयारी में हैं, जो 2 दिसंबर से शुरू होकर 4 जनवरी तक खेली जाएगी.
ILT20 आयोजकों और अश्विन के बीच बातचीत चल रही है. इस साल लीग पहली बार ड्राफ्ट की जगह नीलामी की प्रक्रिया लेकर आई है. खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन अभी जारी है और नाम भेजने की आखिरी तारीख 10 सितंबर तय की गई है. इसके बाद 30 सितंबर को दुबई में खिलाड़ियों की नीलामी होनी है. अश्विन ने भी Cricbuzz से बातचीत में कहा कि वह आयोजकों से चर्चा कर रहे हैं और नीलामी में हिस्सा लेने का सोच रहे हैं. उन्होंने कहा, “हां, मैं आयोजकों से बात कर रहा हूं. उम्मीद है कि अगर मैं नीलामी में रजिस्टर करता हूं तो कोई टीम मुझे खरीदेगी.”
