फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 मार्च 2026 आगामी त्यौहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मुख्य मार्गों, सर्राफा बाजार सहित सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बाजार क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
पैदल गश्त के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें त्यौहारों को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाने की अपील की गई। साथ ही अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
प्रशासन की इस सक्रियता से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास का माहौल बना हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और जनपद में शांति व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाएगी।
