फर्रुखाबाद:मध्यस्थता अभियान-3.0 को सफल बनाने के लिए बैठक, अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24न्यूज) 09 सितंबर 2026 जनपद में चलाए जा रहे मध्यस्थता अभियान-3.0 को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद न्यायालय के एडीआर भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद ने की। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक मामलों के आपसी सहमति से निस्तारण को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद में 1 अगस्त 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक मध्यस्थता अभियान-3.0 संचालित किया जा रहा है। बैठक का संचालन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद श्रीमती बिंदिया भटनागर ने किया। इस अवसर पर अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी श्री संजय कुमार भी उपस्थित रहे।

अधिवक्ताओं से अभियान में सहयोग का आह्वान

बैठक में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सचिव सहित उपस्थित अधिवक्ताओं के साथ मध्यस्थता अभियान को सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिक से अधिक मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित कराने में सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया गया।

बैठक में बताया गया कि मध्यस्थता विवादों के शीघ्र, सरल और सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए पक्षकार आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर सकते हैं। इससे पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है तथा न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण में भी मदद मिलती है।

अधिक से अधिक मामलों में समझौते कराने पर जोर

मध्यस्थ अधिवक्ताओं तथा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिक से अधिक मामलों में पक्षकारों के बीच आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्री शशि भूषण दीक्षित, सचिव श्री कुँवर सिंह यादव, अधिवक्ता संघ सचिव श्री अनूप कुमार तिवारी सहित मध्यस्थ अधिवक्ता श्री जवाहर सिंह गंगवार, श्री प्रभाशंकर औदीच्य, श्री जगदीश चन्द्र सक्सेना, श्रीमती उमा मिश्रा, श्री आनन्द यादव, श्रीमती अजिता मिश्रा, श्रीमती गज़ाला तबस्सुम, श्रीमती स्नेहलता, श्री विनीत कुमार कटियार, श्री ख़ुशनवाज़ ख़ाँ, श्री चन्द्रभान सिंह, श्री नन्दकिशोर, श्री समीर राजा सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

मध्यस्थता अभियान-3.0 का उद्देश्य लंबित विवादों को आपसी सहमति से सुलझाकर न्याय प्रक्रिया को सरल, त्वरित और प्रभावी बनाना है।

Leave a Comment