फर्रुखाबाद:डीएम डॉ.अंकुर लाठर ने की बेसिक शिक्षा योजनाओं में तेजी के साथ विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24न्यूज) 09 सितंबर 2026 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था में सुधार और योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, छात्र नामांकन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, मध्यान्ह भोजन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने को कहा।

पात्र विद्यार्थियों को समय से मिले योजनाओं का लाभ

डीएम ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र छात्र-छात्राओं तक पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग एवं अन्य निर्धारित सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। नामांकन के सापेक्ष बच्चों की उपस्थिति की नियमित समीक्षा करते हुए कम उपस्थिति वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

विद्यालयों के निरीक्षण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने विद्यालयों के निरीक्षण की स्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित एवं प्रभावी निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का वास्तविक परीक्षण किया जाए।

पीएम श्री विद्यालयों में रंगाई-पुताई सहित बच्चों के अध्ययन के लिए आवश्यक संसाधनों को पूरा करने के निर्देश दिए गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का तत्काल निराकरण कराया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जर्जर विद्यालय भवनों का ध्वस्तीकरण एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने जनपद के परिषदीय विद्यालयों के जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कायाकल्प योजना के तहत निर्धारित 19 मानक बिंदुओं की पूर्ति पर विशेष जोर देते हुए खंड शिक्षा अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही सभी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के पीने के पानी की टंकियों की सफाई तीन दिवस के भीतर पूर्ण कर इसकी आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बच्चों के सीखने के स्तर का हो नियमित आकलन

जिलाधिकारी ने बच्चों के सीखने के स्तर का नियमित आकलन करने तथा उसके आधार पर शिक्षण व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ बच्चों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment