सूर्यकुमार यादव ने तोड़ी चुप्पी, बोले- कप्तानी छीनने से पहले 2-3 बार आया फोन

टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आखिरकार भारतीय टीम से बाहर किए जाने के फैसले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। इस साल की शुरुआत में भारत को अपनी कप्तानी में वर्ल्ड चैंपियन बनाने के तुरंत बाद अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए सूर्या की जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान चुन लिया था। सेलेक्टर्स का यह कड़ा फैसला पिछले दो सालों में सूर्यकुमार के बल्ले से रनों के पड़े सूखे के कारण माना गया। हालांकि, उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने एक भी सीरीज नहीं गंवाई थी।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए सूर्यकुमार ने टीम से बाहर होने के अपने शुरुआती रिएक्शन के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने टीम में अपना नाम नहीं देखा, तो वह गुस्सा होने के बजाय मुस्कुरा दिए। चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करते हुए सूर्या ने कहा, ‘जब मेरा नाम नहीं था तो मैं मुस्कुरा दिया। जब स्थितियां मेरे खिलाफ होती हैं या दबाव होता है तो मैं हमेशा मुस्कुराता हूं और शांत रहता हूं। जो समय मुझे मिला मैं उसके लिए आभारी हूं।’

अपनी कप्तानी और भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए सूर्यकुमार ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि वे आगे भी टीम का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मैंने नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। 2026 में आने के बाद मुझे लगा था कि मैं अगले दो सालों तक टीम को आगे ले जाऊंगा ओलंपिक आएगा और फिर एक और टी20 विश्व कप होगा। लेकिन आप जो सोचते हैं और दूसरा जो सोचता है उसमें फर्क होता है। अगर उन्होंने सोचा कि आगे के लिए यह बेहतर फैसला है तो उन्होंने फैसला लिया। मुझे कोई शिकायत नहीं थी क्योंकि यह उनका फैसला था।’

Leave a Comment