फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग का औचक निरीक्षण, शराब दुकानों पर स्टॉक और सीसीटीवी की जांच

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अगस्त 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीमों द्वारा शराब की दुकानों और अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने आबकारी विभाग के स्टाफ के साथ विभिन्न अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने देशी शराब दुकान नवाबगंज, आसलपुर कम्पोजिट दुकान नवाबगंज, आसलपुर तथा करनपुर मजरा बांसमई में व्यवस्थाओं की जांच की।

स्टॉक रजिस्टर और POS मशीन की जांच

निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, POS मशीन से होने वाली बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही देशी शराब की दुकानों से संबंधित कैंटीन की भी सघन जांच की गई।

आबकारी टीम ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का मिलान संबंधित अभिलेखों से किया। अनुज्ञापियों को निर्देशित किया गया कि सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखें और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।

अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।

आबकारी विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment