फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अगस्त 2026 आगामी त्योहारों, वर्तमान परिस्थितियों एवं संभावित आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में जनपद फतेहगढ़ पुलिस द्वारा सघन नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत जनपद की सीमाओं एवं प्रमुख मार्गों पर प्रभावी नाकाबंदी करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा वाहनों के दस्तावेज, संदिग्ध गतिविधियों तथा आवागमन करने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य संभावित आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी अंकुश लगाना, वांछित एवं संदिग्ध अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल को सतर्क किया गया है। प्रमुख स्थानों, मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस का सहयोग करें और अपने साथ आवश्यक दस्तावेज रखें। पुलिस का कहना है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था लगातार प्रभावी रूप से जारी रहेगी।
