फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक कलेक्ट सभागार में संपन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नवीन उद्यमों की स्थापना, बैंक स्तर पर लंबित ऋण संबंधी पत्रावलियों तथा नगर में अतिक्रमण की स्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।

नवीन उद्यमों की स्थापना के लिए बैंकों को भेजी गई लंबित पत्रावलियों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों के संबंध में बैंकों के उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अगली बैठक में इस प्रकार की स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए, साथ ही बैंकों के विरुद्ध लंबित प्रकरणों के संबंध में क्या आवश्यक कार्रवाई की गई है, इसकी सूचना भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

      बैठक में नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या पर भी जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उद्यमियों द्वारा अवगत कराया गया कि नगर में पटरी पर सब्जी विक्रेताओं एवं ठेले-खोंचे वालों के खड़े होने के कारण पैदल राहगीरों के आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचता, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

      इसके उपरांत व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों द्वारा नगर की विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से अब तक पकड़े गए आवारा पशुओं की संख्या की जानकारी ली तथा सड़कों पर विचरण कर रहे आवारा पशुओं को पकड़कर आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो पशुपालक गायों का दूध निकालने के बाद उन्हें सड़कों पर खुला छोड़ देते हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई एवं चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

      व्यापारियों ने नगर में बंदरों की बढ़ती संख्या की समस्या भी उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बंदरों को पकड़कर वन क्षेत्र में छोड़ने के निर्देश दिए। व्यापारियों द्वारा अवगत कराया गया कि वन क्षेत्र में छोड़े जाने के बाद बंदर पुनः नगर में वापस आ जाते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवहारिक एवं बेहतर समाधान तलाशकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

      व्यापारियों ने सड़क पर अवैध पार्किंग की समस्या से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारी (ईओ) को निर्देशित किया कि मौके का निरीक्षण कर व्यापारियों की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार लैंटल डलवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

      बैठक में व्यापारियों ने नगर के विभिन्न चौराहों एवं तिराहों, विशेष रूप से चौक पर यातायात नियमों एवं ट्रैफिक लाइट का पालन न किए जाने की समस्या भी उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने यातायात एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए।

      जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। नगर में सुगम यातायात, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं व्यापार बंधु उपस्थित रहे।

      बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उपयुक्त उद्योग सोनम जिंदल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment