पटना । 27 अगस्त । शोषित समाज दल , केन्द्रीय कार्यालय पुरानी जक्कनपुर , पटना में पार्टी के संस्थापक अमर शहीद जगदेव प्रसाद के प्रति कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के खिलाफ एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित किया गया।
प्रेस को संबोधित करते हुए दल के महामंत्री अखिलेश कुमार और बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुरजभान पासवान ने कहा कि शोषित इंकलाब के लेनिन अमर शहीद जगदेव प्रसाद ने खान पान, उठन – बैठन , इज्जत – आबरू, शिक्षा – चिकित्सा – रोजगार में समानता की लड़ाई लड़ते हुए अपनी कुर्बानी दी । उनकी शहादत के बाद उनके विचारधारा, नीति व सिद्धांत पर चलनेवाले लाखो अनुयायी शोषितों का राज, शोषितों के लिए और शोषितों के द्वारा की लड़ाई पूरे मुल्क में लड़ रहे हैं । ऐसे में सामंती मानसिकता के कुछ तत्व, जो पूंजीवाद और साम्राज्यवाद के दलाल हैं, इस मिशन को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और शोषित इंकलाब के लेनिन अमर शहीद जगदेव प्रसाद के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
शोषित – पीड़ित , दलित – दमित, हाशिए पर रहने वाले कमेरे, किसान – मजदूर समेत तमाम मेहनतकश जमात ऐसी ओछी मानसिकता वाले लोगों का मुहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।
हम बिहार सरकार से मांग करते हैं कि जाति – धर्म के नाम पर विभाजन पैदा करनेवाले ऐसे तत्वों को चिन्हित करके अविलंब कार्रवाई करे वरना नब्बे प्रतिशत जनता का ऐसा जन ज्वार उठेगा जो सरकार के नियंत्रण से बाहर हो आयेगा और दस प्रतिशत शोषकों का समूल नाश करके दम लेगा।
प्रेस कांफ्रेंस में दल के बिहार प्रदेश अंकेक्षक सह मीडिया प्रभारी सौरभ कुमार बंटी, औरंगाबाद जिला मंत्री, रौशन पासवान, औरंगाबाद जिला कोषाध्यक्ष धीरज कुमार, सुगन राम, शिवलम ठाकुर, रमेश चंद्रवंशी, ब्रजभूषण प्रसाद, गोपाल प्रसाद, अशोक कुमार की भूमिका सराहनीय रही ।
रिपोर्ट विनोद विरोधी
