फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने मासिक लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि वार्षिक लक्ष्य भी निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जा सकें। उन्होंने वसूली कार्यों में तेजी लाने तथा परावर्तन के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य से जुड़े राजस्व प्रकरणों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अधिकारी एवं कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
वरासत, नामांतरण और भूमि विवादों के निस्तारण पर जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वरासत, नामांतरण, भूमि विवाद, सीमांकन, पैमाइश, अतिक्रमण सहित विभिन्न राजस्व मामलों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने और शिकायतकर्ताओं को समय से राहत उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य सीधे आमजन से जुड़े हुए हैं, इसलिए अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से विभागीय प्रगति की समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों की राजस्व प्राप्ति एवं प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा
बैठक में वाणिज्य कर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, विद्युत, मंडी समिति, वानिकी एवं सिंचाई विभाग के अंतर्गत राजस्व प्राप्ति और प्रवर्तन के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीष बाजपेई, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अजय पाण्डेय, तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
