बरेली/बिशारतगंज। कस्बे में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में चोरों ने तीन जनरेटरों को निशाना बनाते हुए उनमें लगी कॉपर वायर चोरी कर ली। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी है।
वार्ड नंबर 8 के मोहल्ला अवैया बस्ती निवासी जावेद अली पुत्र शकूर अहमद ने थाना बिशारतगंज में तहरीर देकर बताया कि 23 अगस्त की रात अज्ञात चोर उनके घर के पास रखे तीन जनरेटरों से कॉपर वायर निकालकर ले गए। सुबह जानकारी होने पर चोरी का पता चला। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी कस्बे में दो अन्य जनरेटरों से कॉपर वायर चोरी हो चुकी है। इन घटनाओं में अब तक चोरों का सुराग नहीं लग सका है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
बरेली/तीन जनरेटरों से कॉपर वायर चोरी, लगातार वारदातों से क्षेत्र में दहशत।
