बरेली:आंवला गौशाला में संतों, पदाधिकारियों से अभद्रता, अव्यवस्थाओं का विरोध करने पर कर्मचारियों ने दी जान से मारने की धमकी।

आंवला। आंवला स्थित कान्हा गौशाला में सोमवार को अव्यवस्थाओं का विरोध करने पहुंचे जूना अखाड़ा के संतों और हिन्दू रक्षादल के पदाधिकारियों के साथ गौशाला कर्मियों ने कथित तौर पर अभद्रता और गाली-गलौज की। विरोध करने पर कर्मचारियों ने मारपीट का प्रयास करते हुए धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया।

यह घटना सोमवार को चले प्रदर्शन के दौरान हुई। पीड़ितों ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर ठेकेदार और दोषी कर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, जूना अखाड़ा के महन्त गणेश गिरि, हिन्दू रक्षादल के जिला महासचिव हिमांशु सोलंकी और महन्त अंकित नगरिया रोड स्थित कान्हा गौशाला के औचक निरीक्षण पर पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं। संतों और पदाधिकारियों ने पाया कि गोवंश के लिए रखे गए चारे में कीड़े और सूड़ी रेंग रहे थे। गौशाला परिसर में एक गाय मृत पड़ी थी, जबकि कुछ अन्य गोवंश गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़प रहे थे, जिनके उपचार का कोई प्रबंध नहीं था। जब संतों और पदाधिकारियों ने इस संबंध में कर्मचारियों से जवाब मांगा और अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी व चेयरमैन सैयद आबिद अली से शिकायत करने की बात कही, तो कर्मचारी उत्तेजित हो गए। आरोप है कि एक ठेकेदार के इशारे पर अमानक चारा परोसे जाने की बात कहते हुए कर्मियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर कर्मचारियों ने धारदार हथियार निकालकर हमला करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान वहां मौजूद सोमवीर और दिवाकर के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें अपमानित भी किया गया।
घटना के बाद, हिन्दू रक्षादल के जिला महासचिव हिमांशु सोलंकी, महन्त गणेश गिरि और महन्त अंकित ने थाने में तहरीर दी। उन्होंने आरोपी ठेकेदार और कर्मचारियों पर पशु क्रूरता अधिनियम, एससी/एसटी एक्ट और जान से मारने की धमकी देने समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीएम आंवला सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता कान्हा गौशाला पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों पक्षों से बात की गई है गायों के खाने का चारा चोकर आदि को सही करा दिया गया है। सभी व्यवस्थाएं एक सप्ताह के अंदर सही करने के लिए कहा गया है और वर्तमान समय में गौशाला में काम कर रहे कर्मचारियों का अव्यवस्थाओं को लेकर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जो शिकायत मिली है उसके आधार पर जांच की जा रही है जांच के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment