फर्रुखाबाद:राजकीय माध्यमिक विद्यालयों व बालिका छात्रावासों में व्यवस्थाओं की जांच, कमियां दूर करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों एवं राजकीय बालिका छात्रावासों का विभिन्न अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करना है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं, साफ-सफाई, विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वर्षा ऋतु को देखते हुए विद्यालय परिसरों में जलभराव की स्थिति और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने नियमित साफ-सफाई कराने तथा जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों, अधिकारियों तथा एसएमसी सदस्यों के बीच नियमित संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही पीटीए की बैठकों का नियमित आयोजन कर विद्यार्थियों की समस्याओं एवं शैक्षिक प्रगति पर चर्चा करने के निर्देश दिए गए।

पीएम पोषण योजना की भी जांच

निरीक्षण के दौरान पीएम पोषण मिशन के अंतर्गत विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं नियमितता की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलकूद, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नियमित रूप से बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

कमियों के तत्काल निराकरण के निर्देश

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाए। विद्यालयों एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

प्रशासन का उद्देश्य राजकीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे उनका शैक्षिक एवं सर्वांगीण विकास बेहतर ढंग से हो सके।

Leave a Comment