फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अगस्त 2026 जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं जिला होम्योपैथिक अधिकारी की संयुक्त टीम ने गुरुवार को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मोहम्मदाबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शासन द्वारा निर्धारित 65 बिंदुओं के आधार पर विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की गई।
निरीक्षण के समय विद्यालय के प्राचार्य के साथ 08 प्रवक्ता एवं 08 सहायक अध्यापक उपस्थित पाए गए। टीम ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और भोजन व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण में बच्चों की शैक्षणिक एवं ज्ञान संबंधी स्थिति अच्छी पाई गई।
छात्र-छात्राओं ने बताया कि उन्हें निर्धारित मीनू के अनुसार सुबह, दोपहर और शाम को नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा विभाग की ओर से बच्चों को कॉपी, ड्रेस, बैग, जूते समेत आवश्यक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
विद्यालय में पठन-पाठन को बेहतर बनाने के लिए पृथक लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है, जिसमें विभिन्न विषयों एवं विधाओं से संबंधित करीब 1100 पुस्तकें उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा नामित यूपीएसआईडीसीओ एजेंसी के माध्यम से विद्यालय परिसर में अनुरक्षण तथा रंगाई-पुताई का कार्य कराया जा रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य ने टीम को बताया कि छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए डाइनिंग हॉल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। वहीं विद्यालय की आंतरिक निगरानी और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए भोजन जांच समिति, पॉक्सो समिति, अनुशासन समिति तथा शिक्षक-अभिभावक समिति का गठन किया गया है।
संयुक्त निरीक्षण टीम ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारियों को दिए। टीम ने छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालय की सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सर्वोदय विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ बेहतर आवासीय एवं अन्य सुविधाएं भी मिल सकें।
