फर्रुखाबाद:बोरवेल में गिरी बच्ची का तत्काल रेस्क्यू, जिला अस्पताल में सुरक्षित उपचार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अगस्त 2026 नवाबगंज ब्लॉक के ग्राम रसिदाबाद वल्लभ में बोरवेल में बच्ची के गिरने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों और एंबुलेंस सेवाओं के समन्वय से बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

सूचना मिलते ही एमओआईसी कायमगंज डॉ. विनीत सिंह एवं एमओआई लोकेश शर्मा को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही 108 एंबुलेंस की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ एक व्यक्ति को बोरवेल में भेजकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बच्ची की पहचान सौम्या के रूप में हुई।

रेस्क्यू के बाद डिप्टी सीएमओ डॉ. आर.सी. माथुर के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने बच्ची का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद 108 एंबुलेंस से चिकित्सक एवं स्टाफ नर्स की निगरानी में उसे जिला चिकित्सालय लोहिया भेजा गया, जहां तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

जिला चिकित्सालय लोहिया में सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा के नेतृत्व में डॉ. विवेक सक्सेना एवं अन्य चिकित्सकों ने बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण किया। आवश्यक रक्त जांच और सीटी स्कैन भी कराया गया। चिकित्सकों की टीम लगातार बच्ची की निगरानी करती रही। वर्तमान में बच्ची सौम्या चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ एवं सुरक्षित बताई जा रही है।

सीएमओ ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि अपने आसपास मौजूद अनुपयोगी बोरवेल, कुएं और खुले गड्ढों को तत्काल सुरक्षित रूप से बंद कराएं। इन्हें किसी भी स्थिति में खुला न छोड़ें। खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक लगातार सतर्क रहें।

सीएमओ ने कहा कि आपात परिस्थितियों में कुछ मिनटों की तत्परता और बेहतर समन्वय जीवन बचाने में निर्णायक साबित हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

वहीं, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों को भी जनता की सेवा के लिए तत्पर रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

“बच्चों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। खुले बोरवेल और कुओं को सुरक्षित करें तथा बच्चों पर लगातार निगाह रखें।”

Leave a Comment