फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन रक्षा व बाल श्रम मुक्त” अभियान के अंतर्गत एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) टीम द्वारा रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद एवं नगर क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम ने आमजन, महिलाओं एवं बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी और बाल भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बच्चों से श्रम कराया जा रहा हो, बाल विवाह की तैयारी हो रही हो या किसी प्रकार की मानव तस्करी अथवा बाल भिक्षावृत्ति की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को सूचित करें।
इस अवसर पर लोगों को विभिन्न आपातकालीन एवं सहायता हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) पर आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा समाज में बाल शोषण और मानव तस्करी जैसी घटनाओं की रोकथाम के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। अभियान के दौरान लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे मामलों की सूचना देने का संकल्प लिया।
