फर्रुखाबाद:शमशाबाद ढाई घाट पुल पर दो घंटे तक लगा भीषण जाम, चालान को लेकर संतों और पुलिस में हुई नोकझोंक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2026 जनपद के शमशाबाद क्षेत्र स्थित ढाई घाट पुल पर बुधवार को करीब दो घंटे तक भीषण जाम लगने से श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग तीन किलोमीटर लंबे जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए, जिससे कड़ी धूप में लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान जलालाबाद से आए साधु श्याम दास जी महाराज और रघुवर दास जी महाराज के शिष्य सुबोध से ड्यूटी पर तैनात एक दरोगा द्वारा चालान किए जाने की बात सामने आई। इसकी जानकारी मिलने पर दोनों संत मौके पर पहुंच गए और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

संतों ने आरोप लगाया कि पुलिस श्रद्धालुओं के साथ उचित व्यवहार नहीं कर रही है तथा चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे। मौके पर पुलिस और संतों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर डायल-चीता पुलिस मौके पर पहुंची और संतों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस समय रहते यातायात व्यवस्था संभालने में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी, जिसके कारण श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लोगों ने प्रशासन से ढाई घाट पुल पर यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।

Leave a Comment