फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2026 आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के पूर्व जिला अध्यक्ष नितिन कुमार गौतम को पार्टी नेतृत्व ने किसान मोर्चा का मंडल उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
नितिन कुमार गौतम लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते हुए किसानों, दलितों, पिछड़े वर्गों एवं वंचित समाज के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करते रहे हैं। उनकी सक्रिय कार्यशैली, संगठनात्मक अनुभव और जनसंपर्क को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद नितिन कुमार गौतम ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद, प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं कानपुर मुख्य जोन प्रभारी शिव प्रकाश विश्वकर्मा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष गुड्डू कठेरिया सहित राष्ट्रीय, प्रदेश एवं मंडल नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना तथा संगठन को मंडल स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही पार्टी की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का भी प्रयास करेंगे।
पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि नितिन कुमार गौतम के नेतृत्व में किसान मोर्चा और अधिक सशक्त होगा तथा किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ संगठन का जनाधार भी मजबूत होगा।
नियुक्ति की घोषणा के बाद पार्टी के अनेक पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने नितिन कुमार गौतम को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
