फर्रुखाबाद:कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, पांचाल घाट और दुर्वासा आश्रम में सुरक्षा व सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जुलाई 2026 श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने सोमवार को पांचाल घाट एवं महर्षि दुर्वासा ऋषि आश्रम क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात संचालन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही पांचाल घाट और महर्षि दुर्वासा आश्रम जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पांचाल घाट पर गंगा नदी के गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने, पूजन सामग्री की दुकानों को व्यवस्थित करने तथा पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्नान एवं जल भरने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं।

दुर्वासा ऋषि आश्रम क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत निधि से घाट की नियमित साफ-सफाई कराने, कूड़ेदान स्थापित करने तथा जेसीबी मशीन से झाड़ियों एवं कूड़े की सफाई कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के अंत में अधिकारियों को कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment