भारत सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के दिए निर्देश
कांवड़ यात्रा को हर वर्ष की भांति सुरक्षित एवं सफल बनाने पर दिया विशेष जोर।
जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश
रोस्टर के अनुसार ही विद्युत सप्लाई करे,ग्राम पंचायतो में जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के कार्य कराए जा रहे उनका पूर्ण करें इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी सुझाव दिए गए उनको पूर्ण रूप से धरातल पर लाया जाएगा इसमें किसी प्रकार के लापरवाही नहीं की जाएगी… जिलाधिकारी
कासगंज, 27 जुलाई, 2026 (सूचना विभाग)। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक अवश्य पहुंचना चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बनाया जाए।
उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत एवं पेंशन, किसान बीमा, किसान सम्मान निधि, शादी अनुदान, सड़कों का निर्माण,आवास, गौशाला, बेसिक विभाग पाठ्य पुस्तक बैग ड्रेस जूता आदि पर बैठक कर संबंधित को दिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा बैठक में दिए गए सुझावों एवं प्रस्तावों को गंभीरता से अभिलेखित किया जाए तथा उन पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों के सुझावों का समुचित सम्मान एवं समावेश आवश्यक है।
बैठक में जिलाधिकारी प्रणय सिंह के द्वारा जनप्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया प्रतिनिधियों द्वारा सुझाव दिए गए उनका पूरा अमल में लाया जाएगा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
