फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2026 शहर के बड़ा बंगशपुरा स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हज़रत दुल्लाह शाह मज़ार पर इन दिनों गंदगी की समस्या श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। हर सप्ताह बड़ी संख्या में ज़ायरीन इबादत के लिए तथा कई लोग पिकनिक के उद्देश्य से यहां पहुंचते हैं, लेकिन उनके जाने के बाद परिसर में प्लास्टिक, पन्नियां, पानी की बोतलें और अन्य कचरा बिखरा रह जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मज़ार परिसर में पर्याप्त कूड़ेदान उपलब्ध नहीं हैं और नियमित सफाई की भी व्यवस्था नहीं है। इसके कारण परिसर में गंदगी और बदबू फैलने लगी है, जिससे धार्मिक स्थल की पवित्रता और स्वच्छता प्रभावित हो रही है।
मोहल्ले के लोगों और ज़ायरीनों ने फर्रुखाबाद नगर पालिका से मांग की है कि मज़ार परिसर में तत्काल 4 से 5 कूड़ेदान लगाए जाएं, प्रतिदिन सफाई कराई जाए तथा लोगों को जागरूक करने के लिए “स्वच्छता रखें” संबंधी सूचना बोर्ड भी लगाए जाएं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने आने वाले श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
लोगों को उम्मीद है कि नगर पालिका प्रशासन जल्द ही इस समस्या का संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे हज़रत दुल्लाह शाह मज़ार का परिसर साफ-सुथरा और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर वातावरण वाला बन सके।
