फर्रुखाबाद में स्कूल वाहनों पर बड़ा अभियान: 20 वाहन सीज, 24 के चालान, ओवरलोडिंग और अनफिट वाहनों पर सख्त कार्रवाई

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2026 जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाते हुए अनफिट और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) कानपुर रामरतन सोनी के नेतृत्व में फतेहगढ़ क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 20 स्कूली वाहन सीज किए गए, जबकि 24 वाहनों के चालान काटे गए।

अभियान के दौरान आरटीओ-प्रवर्तन कानपुर राहुल श्रीवास्तव, सीओ ट्रैफिक अभय वर्मा, एआरटीओ-प्रवर्तन फर्रुखाबाद सुभाष राजपूत, प्रभारी निरीक्षक फतेहगढ़ तेज सिंह तथा यातायात उप निरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय सहित परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

टीम ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, आरआरसी फतेहगढ़ तथा कैंट क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बाहर ऑटो, ई-रिक्शा, मारुति वैन और अन्य निजी वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, आवश्यक दस्तावेजों तथा सीट क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की विशेष रूप से जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।

पिछले दो माह में भी हुई व्यापक कार्रवाई

परिवहन विभाग के अनुसार पिछले दो महीनों में जिले में स्कूल वाहनों के विरुद्ध चलाए गए अभियान के दौरान 51 स्कूल वाहनों के चालान किए गए तथा 23 वाहन सीज किए गए। इन मामलों में 4.53 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया है।

इसके अलावा निजी वाहनों से छात्रों का परिवहन करने वाले 10 वाहनों के खिलाफ चालान एवं सीज की कार्रवाई की गई, जबकि ओवरलोडिंग के आरोप में 7 स्कूल वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। सघन निरीक्षण के दौरान 22 अस्तित्वहीन वाहनों के पंजीकरण चिन्ह भी निरस्त कराए गए।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आगामी दिनों में कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया तथा कानपुर नगर की संयुक्त टीमें भी फर्रुखाबाद में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगी।

Leave a Comment