फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2026 जनपद स्थित एआरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार और प्राइवेट कर्मचारियों द्वारा कार्य किए जाने की शिकायतों की जांच के लिए गुरुवार को एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार अचानक कार्यालय पहुंच गए। एडीएम की इस आकस्मिक छापेमारी से एआरटीओ विभाग में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एआरटीओ कार्यालय में निजी व्यक्तियों द्वारा सरकारी कार्य कराए जा रहे हैं तथा आम लोगों से अनावश्यक धनराशि की मांग की जा रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए थे।
एडीएम ने कार्यालय पहुंचकर विभिन्न अभिलेखों की जांच की और वहां मौजूद कर्मचारियों एवं संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की। उन्होंने यह भी देखा कि कार्यालय में कौन-कौन लोग कार्य कर रहे हैं और उनकी नियुक्ति अथवा अधिकृत स्थिति क्या है।
जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की गई। एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार ने बताया कि शिकायतों की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही कार्यालय में मौजूद कई लोग सतर्क हो गए। आम नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आरटीओ कार्यालय में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई को आरटीओ कार्यालय में व्यवस्था सुधार और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
