कासगंज, 22 जुलाई, 2026 (सूचना विभाग)। मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वे कार्यों में तेजी लाते हुए समयबद्ध रूप से पोर्टल पर फीडिंग सुनिश्चित करें, जिससे जनपद की रैंक में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद के 54 कार्यक्रम ए श्रेणी, 02 कार्यक्रम बी श्रेणी, 03 कार्यक्रम सी श्रेणी तथा 04 कार्यक्रम डी श्रेणी में हैं। वर्तमान में जनपद को 62वीं रैंक प्राप्त हुई है।
मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को नई सड़कों के निर्माण एवं व्यय में वृद्धि करने, जिला पंचायत राज अधिकारी को 15वें वित्त एवं पंचम राज्य वित्त आयोग की धनराशि का नियमानुसार व्यय बढ़ाने तथा स्वच्छ भारत मिशन (फेज-2) के अंतर्गत शौचालयों की जियो टैगिंग 25 जुलाई 2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, उपायुक्त एनआरएलएम, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं परियोजना निदेशक, डीआरडीए को लक्षित लाभार्थियों की फैमिली आईडी शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को जल जीवन मिशन की प्रगति 98 प्रतिशत तक पहुंचाने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के लाभार्थियों के भुगतान 98 प्रतिशत तक पूर्ण कराने एवं 102 व 108 एम्बुलेंस सेवाओं की प्रगति में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के कार्यक्रमों में तेजी लाते हुए उन्हें ए श्रेणी में लाने तथा जनपद को प्रदेश के प्रथम 10 स्थानों में लाने के लिए गंभीरता से कार्य करें।
इसके उपरांत आयोजित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में बताया गया कि CM IGRS पोर्टल पर जनपद को डी श्रेणी एवं 74वीं रैंक प्राप्त हुई है। उपलब्ध धनराशि के सापेक्ष कम व्यय होने से रैंक प्रभावित हुई है। समीक्षा में यह भी बताया गया कि जनपद की 08 परियोजनाएं विलंबित हैं, जिनमें यूपीपीसीएल, राजकीय निर्माण निगम, पर्यटन विकास निगम, जल निगम (नगरीय), यूपी सिडको, लोक निर्माण विभाग की दो परियोजनाएं तथा सी एंड डी एस की एक परियोजना शामिल है। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंताओं एवं परियोजना प्रबंधकों को परियोजनाओं की समय-सीमा बढ़वाने तथा कार्यों में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि जनपद की रैंक में सुधार हो सके।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उपायुक्त उद्योग, डूडा सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

