13 जुलाई 2026
‘‘स्कूल चलो अभियान‘‘ (द्वितीय चरण) का शुभारम्भ, जनप्रतिनिधियों ने बच्चों का कराया नामांकन और बांटीं पाठ्यपुस्तकें।
कासगंज, 13 जुलाई। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद कासगंज में ‘‘स्कूल चलो अभियान-2026‘‘ के द्वितीय चरण का शुभारम्भ सोमवार को प्राथमिक विद्यालय नवाव तरौरा, नगर क्षेत्र कासगंज से किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रत्नेश कश्यप, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनू गौड़ तथा मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में स्कूल चलो रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य विकास अधिकारी ने पांच बच्चों का विद्यालय में नवीन नामांकन कराया तथा उन्हें नवीन शैक्षिक सत्र की निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं। उपस्थित अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा गया कि शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की सुदृढ़ आधारशिला है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही संस्कारित एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण होता है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण (अप्रैल-2026) में उत्कृष्ट नामांकन करने वाले जनपद के 10 परिषदीय विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें कम्पोजिट विद्यालय श्यामसर, उच्च प्राथमिक विद्यालय भिटौना, कम्पोजिट विद्यालय नमैनी, प्राथमिक विद्यालय ताली, उच्च प्राथमिक विद्यालय खोजपुर, प्राथमिक विद्यालय नियाज अली, उच्च प्राथमिक विद्यालय वीरपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय अभूपुर, प्राथमिक विद्यालय शुजावलपुर तथा प्राथमिक विद्यालय जमामपुर शामिल रहे।
