फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 जनपद की अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा कड़का (ईमानदपुर पमारान) में आयोजित जन बैठक में जन अधिकार पार्टी के संस्थापक एवं सांसद बाबू सिंह कुशवाहा पहुंचे। कार्यक्रम का आयोजन श्री आनंद पाल कुशवाहा के आवास पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और क्षेत्रीय मुद्दे उनके समक्ष रखे।
जन बैठक के दौरान बाबू सिंह कुशवाहा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी समाज के शोषित, वंचित, पिछड़े और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है तथा आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना जन अधिकार पार्टी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
जन बैठक के दौरान क्षेत्र के लोगों ने विभिन्न स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की और पार्टी के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
