हरदोई में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का शुभारंभ, राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने किया हरिशंकरी वृक्षारोपण

हरदोई:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 प्रदेशव्यापी 35 करोड़ वृक्षारोपण महायज्ञ के अंतर्गत रविवार को हरदोई के आईटीआई परिसर में वन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी ने हरिशंकरी (पीपल, पाकड़ एवं बरगद) के पौधे रोपकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ और धरती माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसका संरक्षण भी करना चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा, एमएलसी अवनीश कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा ‘मधुर’, जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, प्रभागीय वनाधिकारी रवि शंकर शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया। अधिकारियों ने जनसामान्य से अपील की कि वे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जन-जन का अभियान बनाएं और हरित एवं स्वच्छ उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Comment