लखीमपुर खीरी : ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के अंतर्गत नपाप अध्यक्ष की अगुवाई में ढोल-नगाड़ों के साथ विभिन्न जगहों पर किया गया वृहद वृक्षारोपण

गोला गोकर्णनाथ : ( द दस्तक 24 न्यूज़) रविवार को जनपद में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ 2026 ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत गोला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की अगुवाई में जनप्रतिनिधियों सहित सैंकड़ों की संख्या में सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों ने रविवार को नगर के विभिन्न स्थानों पर वृहद वृक्षारोपण किया। इस महाभियान में उपस्थित सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस महाअभियान का शुभारंभ सीजीएन पीजी कॉलेज परिसर से ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ किया गया। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, मुक्तिधाम, त्रिलोक गिरि मंदिर,गौशाला, कोटवारा जंगल सहित नगर के कई स्थानों पर वृहद वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने सामाजिक संगठनों और नगरवासियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार और पर्यावरण की दृष्टि से उपयोगी पौधों का रोपण किया। नगर पालिका अध्यक्ष ने उपस्थित जनसमूह से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से मातृ सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इसका उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना और हरित भविष्य की नींव रखना है। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लें, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू,अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्र, भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, सम्मानित सभासदगण, प्रवीण गुप्ता, अविनाश चंद गुप्ता, विनीत सिंह भदौरिया, वैध रामजी रस्तोगी, शिव गोपाल गुप्ता, पारस मिश्रा, सहित समाजसेवी संगठनों के जनप्रतिनिधि, व्यापारी, शिक्षक, नगर पालिका परिषद के अधिकारी व कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Comment