फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के अंतर्गत प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए 12 जुलाई (रविवार) को जनपद फर्रुखाबाद में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाभियान का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनसहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा।
यह वृक्षारोपण कार्यक्रम 12 जुलाई 2026, रविवार को प्रातः 9:00 बजे दरौंदी ग्राम समाज, विकासखंड मोहम्मदाबाद, तहसील सदर, जनपद फर्रुखाबाद में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण होंगे। वहीं फर्रुखाबाद के सांसद श्री मुकेश राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक श्री सुशील शाक्य, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, भोजपुर विधायक श्री नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि तथा विधान परिषद सदस्य श्री प्रांशु दत्त द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इस महाभियान के नोडल अधिकारी कानपुर मंडल के आयुक्त श्री के. विजेंद्र पांडियन (आईएएस) हैं। कार्यक्रम का आयोजन जिला वृक्षारोपण समिति, फर्रुखाबाद एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग, फर्रुखाबाद द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और पर्यावरण प्रेमियों से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाने और पर्यावरण संरक्षण की इस जनभागीदारी पहल को सफल बनाने की अपील की है।
