फर्रुखाबाद में 100 अमृत सरोवरों का संरक्षण जारी, नई योजना के तहत नियमित होगा अनुरक्षण कार्य

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जुलाई 2026 आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत जनपद में निर्मित अमृत सरोवरों के संरक्षण और नियमित अनुरक्षण का कार्य लगातार जारी है। परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) कपिल कुमार ने बताया कि वर्ष 2022-23 में जनपद में कुल 100 अमृत सरोवरों का निर्माण कराया गया था, जिनका रखरखाव ग्राम पंचायतों एवं संबंधित विभागों द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इनमें 75 अमृत सरोवर ग्राम पंचायत स्तर, 20 क्षेत्र पंचायत स्तर, 4 जिला पंचायत स्तर तथा 1 अमृत सरोवर लघु सिंचाई विभाग द्वारा विकसित किया गया है। निर्माण के बाद से प्रत्येक वर्ष इन सरोवरों की साफ-सफाई, संरक्षण और अनुरक्षण का कार्य कराया जाता रहा है।

शासन के निर्देशानुसार इन अमृत सरोवरों पर स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), गांधी जयंती (2 अक्टूबर), विश्व पर्यावरण दिवस तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे राष्ट्रीय एवं विशेष अवसरों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के फोटोग्राफ और विवरण भी समय-समय पर शासन को भेजे जाते हैं।

परियोजना निदेशक ने बताया कि वर्तमान में बरसात के मौसम के कारण कुछ अमृत सरोवरों पर हल्की झाड़ियां और घास उग आई हैं, जिनकी ग्राम पंचायत स्तर पर साफ-सफाई कराई जा रही है। साथ ही इन कार्यों का अभिलेखीकरण भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मनरेगा योजना के स्थान पर “विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण)” लागू किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इस संक्रमणकाल के कारण पहले मनरेगा के माध्यम से होने वाले कुछ अनुरक्षण कार्य अस्थायी रूप से प्रभावित हुए हैं।

कपिल कुमार ने कहा कि नई योजना की गाइडलाइन के अनुसार अमृत सरोवरों की साफ-सफाई, संरक्षण और अनुरक्षण का कार्य नियमित रूप से कराया जाएगा, ताकि इन जलाशयों की उपयोगिता और सौंदर्य दोनों सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन अमृत सरोवरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment