फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी ने मनाया दीपोत्सव, राष्ट्रभक्ति और सेवा का दिया संदेश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2026 राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में सायंकाल दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए व्यवस्था, सजावट एवं दीप प्रज्वलन में सक्रिय भूमिका निभाई।

दीपों की उज्ज्वल रोशनी के बीच राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा सेवा और संगठन के कार्यों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता तहसील प्रमुख डॉ. चंद्र देव दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों और सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व कार्यकर्ताओं की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर एबीवीपी के जिला संयोजक यशवर्धन चौहान, विभाग छात्रा प्रमुख जाह्नवी वर्मा, जिला छात्रा प्रमुख प्रतिज्ञा अग्निहोत्री, नगर मंत्री निशांत मिश्रा, नगर सह मंत्री अथर्व पाठक, अभय दुबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, संगठनात्मक एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और संगठन के प्रति समर्पण की भावना को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Comment