फर्रुखाबाद:जमीन विवाद में फायरिंग के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत हथियार बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2026 कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने जमीन विवाद में हुई फायरिंग और मारपीट के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी 32 बोर रिवॉल्वर, कारतूस, लकड़ी के डंडे और लोहे का पाइप भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुख्य आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोहम्मदाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 228/2026, धारा 191(2), 191(3), 190, 109(1), 125, 131 बीएनएस से संबंधित कार्रवाई करते हुए रामनारायण पुत्र बाबू सिंह, मनीष पुत्र रामनारायण, अजीत पुत्र शिवनरेश सिंह, रामनरेश पुत्र बाबू सिंह तथा शिवनरेश पुत्र बाबू सिंह, निवासी ग्राम मुड़गांव, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक 6 जुलाई 2026 को जमीन कब्जे और वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला किया तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना में सतेंद्र सिंह के सिर में गोली लगी, जबकि उनके पुत्र अभय, राहुल तथा अन्य लोग भी घायल हुए थे।

पूछताछ में मुख्य आरोपी रामनारायण ने पुलिस को बताया कि उसका प्रधान पति सतेंद्र सिंह से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवादित भूमि पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मारपीट हुई और उसने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर कर दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर रिवॉल्वर, चार खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, तीन लकड़ी के डंडे और एक लोहे का पाइप बरामद किया है। घटना में लाइसेंसी रिवॉल्वर के इस्तेमाल की पुष्टि होने पर मुख्य आरोपी रामनारायण के विरुद्ध धारा 27/30 आर्म्स एक्ट भी बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों से भी जुटाई जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक कपिल कुमार, उपनिरीक्षक लछिमन सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार तथा कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, हरिओम चाहर और शेखर कटारिया शामिल रहे।

Leave a Comment