मैनपुरी:तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत, मची चीख-पुकार

भोगांव (मैनपुरी)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जीटी रोड स्थित छाछा पॉलिटेक्निक स्कूल के समीप एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पैदल जा रहे वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
​जानकारी के अनुसार, मैनपुरी के किला बजरिया निवासी राम सिंह शाक्य (60 वर्ष) किसी कार्य से भोगांव आए हुए थे। जब वे जीटी रोड पर छाछा पॉलिटेक्निक स्कूल के पास से पैदल गुजर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि राम सिंह सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
​दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से लहूलुहान अवस्था में घायल वृद्ध को एंबुलेंस के जरिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया। जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सवांददाता : सतेंद्र शाक्य

Leave a Comment