फर्रुखाबाद: राजेपुर में तीन फर्जी चिकित्सकों पर मुकदमा दर्ज, बिना डिग्री इलाज कर लोगों की जान से कर रहे थे खिलवाड़

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जुलाई 2026 जनपद के थाना राजेपुर क्षेत्र में बिना चिकित्सीय योग्यता के अवैध रूप से चिकित्सा व्यवसाय संचालित करने वाले तीन तथाकथित चिकित्सकों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर की गई।

उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. आर सी माथुर की तहरीर के आधार पर थाना राजेपुर पुलिस ने वैष्णों पॉली क्लीनिक, राजेपुर तिराहा संचालक दुर्गेश कुमार, अलीगढ़ चौराहा स्थित क्लीनिक संचालक गुड्डू यादव तथा नीलकंठ पैथोलॉजी/बीएसएसडी पॉली क्लीनिक, राजेपुर तिराहा से जुड़े राजेश यादव के विरुद्ध अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपित बिना किसी मान्यता प्राप्त चिकित्सीय योग्यता के अवैध रूप से मरीजों का उपचार कर रहे थे। इससे क्षेत्रीय जनमानस के जीवन एवं स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।

इस मामले में थाना राजेपुर में क्रमशः मु0अ0सं0 111/2026, 112/2026 एवं 113/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 34(2) के अंतर्गत मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में विधिक कार्रवाई जारी है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध चिकित्सीय योग्यता के चिकित्सा व्यवसाय करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि आमजन के जीवन एवं स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment