फर्रुखाबाद: रोडवेज बस में महिला का बैग खंगालने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के जेवर और ₹10 हजार बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जुलाई 2026 थाना कादरीगेट पुलिस ने रोडवेज बस में महिला यात्री के बैग से जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण और ₹10 हजार नगद बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कादरीगेट पुलिस ने मुकदमा संख्या 0152/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त विकाश राजपूत उर्फ करू पुत्र गिरीश उर्फ चन्द्रशेखर उर्फ कृपाल उर्फ मूली निवासी ग्राम ब्रह्मपुरी, थाना मेरापुर, जनपद फर्रुखाबाद को गिरफ्तार किया।

ऐसे हुई थी वारदात

पुलिस के मुताबिक 29 जून 2026 को पीड़िता रोडवेज बस अड्डे से सवायजपुर जाने के लिए बस में सवार हुई थी। दो अज्ञात युवकों ने उसका ट्रॉली बैग बस में पीछे रखवा दिया और उसे आगे की सीट पर बैठा दिया। रास्ते में बैग का कुंडा तोड़कर उसमें रखे सोने के दो पेंडल, नाक का फूल, कान के कुंडल, ₹25 हजार नकद तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड और बैंक पासबुक समेत अन्य दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर थाना कादरीगेट में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पूछताछ में किया खुलासा

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने अपने दो साथियों नीरज और रामनरेश उर्फ नरेश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। बैग का कुंडा तोड़कर उसमें से जेवरात, नकदी और दस्तावेज निकाल लिए थे। बाद में दस्तावेज रास्ते में फेंक दिए गए, जबकि नकदी और जेवर आपस में बांट लिए गए। आरोपी के हिस्से में एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक सोने का नाक का फूल और ₹10 हजार नगद आए थे। वह बरामद जेवर बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से: एक जोड़ी पीली धातु के कान के कुंडल, एक पीली धातु का नाक का फूल, ₹10,000 नगद

बरामद किए हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध लूट, चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 से विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

कार्रवाई में प्रभारी चौकी रोडवेज उपनिरीक्षक दयानन्द पटेल, उपनिरीक्षक विमल कुमार, कांस्टेबल जय किशोर, क्षितिज गौतम और सुशील कुमार शामिल रहे। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Leave a Comment