फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जुलाई 2026 किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जनपद में उर्वरक प्रतिष्ठानों पर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीमों ने सदर, अमृतपुर और कायमगंज तहसीलों में कुल 26 उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो उर्वरक नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए एकत्र किए गए, जिन्हें राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
जांच के दौरान पांच उर्वरक विक्रेता अपनी दुकानें बंद कर बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इसके चलते उनके प्रतिष्ठानों का निरीक्षण नहीं हो सका। जिला प्रशासन ने इन सभी विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इन विक्रेताओं को जारी हुआ नोटिस
मेसर्स न्यू मां गायत्री बीज भंडार, अमृतपुर
मेसर्स कन्हैया कृषि सेवा केंद्र, अमृतपुर
मेसर्स श्री खाटू श्याम कृषि सेवा केंद्र, अमृतपुर
मेसर्स एग्री जंक्शन, रतनपुर पमारान
मेसर्स अमन खाद एवं बीज भंडार, बनपोई
अमानक उर्वरक मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला जांच में यदि कोई उर्वरक नमूना अमानक पाया जाता है तो संबंधित विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में उर्वरक विक्रेताओं के विरुद्ध नियमित रूप से छापेमारी अभियान जारी रहेगा। यदि कोई विक्रेता मुख्य उर्वरकों के साथ अनिवार्य टैगिंग करता है, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलता है या पीओएस मशीन पर किसान का आधार सत्यापन एवं भूमि अभिलेखों के अनुरूप निर्धारित मात्रा से अधिक उर्वरक बेचता पाया गया तो उसके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से की गई अपील
जिला कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि जनपद में उर्वरकों की लगातार आपूर्ति हो रही है। इसलिए घबराकर अनावश्यक भंडारण न करें तथा अपनी आवश्यकता और वैज्ञानिक सलाह के अनुसार संतुलित मात्रा में ही उर्वरकों का उपयोग करें।
