फर्रुखाबाद: आबकारी विभाग का औचक निरीक्षण, शराब दुकानों पर स्टॉक व सीसीटीवी की हुई जांच

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जून 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में शुक्रवार को जनपद के विभिन्न शराब अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया।

अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ देशी शराब दुकान अमेठी कोहना, खानपुर, नरकसा, कम्पोजिट दुकान कादरी गेट तिराहा, कादरी गेट-2 तथा मॉडल शॉप अमेठी कोहना का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से की जा रही बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की गहन जांच की गई। इसके अलावा देशी शराब दुकानों से संबद्ध कैंटीनों का भी सघन निरीक्षण किया गया।

आबकारी विभाग की टीम ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया तथा अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment