फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2026 जिले में चिकित्सकों की भारी कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 22 डॉक्टरों की संविदा के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थियों से 30 जून तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जबकि चयन के लिए साक्षात्कार 7 और 8 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे।
जनपद में डॉक्टरों के स्वीकृत 130 पदों के सापेक्ष वर्तमान में मात्र 30 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और रिक्त पदों को भरने के उद्देश्य से संविदा पर चिकित्सकों की नियुक्ति की जा रही है।
भर्ती के तहत चार पद जनरल फिजीशियन, दो पद एनयूएचएम पीएचसी के मेडिकल ऑफिसर, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 10 मेडिकल ऑफिसर तथा जिला चिकित्सालय सुदृढ़ीकरण के लिए छह इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) के पद शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए एमबीबीएस डिग्रीधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
संविदा पर नियुक्त होने वाले चिकित्सकों की तैनाती बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों, संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार विकास भवन सभागार में आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया समिति द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से जिले में चिकित्सकों की कमी को काफी हद तक दूर करने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
