फर्रुखाबाद:व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो निस्तारण, विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- डीएम

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों एवं उद्योग बंधुओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि व्यापारियों एवं उद्योगपतियों का विकास शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने उपयुक्त उद्योग को निर्देशित करते हुए “मुख्यमंत्री युवा योजना” के तहत प्राप्त आवेदनों, लाभार्थियों को दिए गए लाभ तथा बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएम ने नगर पालिका को लालसराय मछली मंडी क्षेत्र में “नवयुग पालिका योजना” के तहत वेंडिंग जोन एवं मल्टी लेवल कार पार्किंग का निर्माण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शहर में आवारा गोवंश को अभियान चलाकर आश्रय स्थलों तक पहुंचाने, अधिक कूड़ा एकत्र होने वाले स्थानों की पहचान कर वहां गीले एवं सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

उन्होंने नगर क्षेत्र के नालों की नियमित सफाई कराने और 15वें वित्त आयोग एवं वैश्विक नगर योजना से प्राप्त धनराशि से बड़े एवं खुले नालों को ढकने के कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

डीएम ने अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने, जेएनबी रोड, छोटी जेल और पुलमंडी क्षेत्रों में मौरंग व मिट्टी के अनावश्यक परिवहन पर नियंत्रण स्थापित करने तथा शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका के सफाई कर्मियों की कार्यशैली में सुधार लाने और आरोग्य पथ के किनारे रेलिंग लगाने के भी निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने प्रतिष्ठानों और दुकानों में फायर सेफ्टी, विद्युत सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच कराकर उन्हें मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराएं। उन्होंने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से भी कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता अभियान में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

यातायात व्यवस्था को लेकर डीएम ने फतेहगढ़ चौराहे से फतेहगढ़ कोतवाली तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने तथा नियम विरुद्ध संचालित हो रहे ई-रिक्शों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अमरेश बाजपेई, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापार बंधु तथा उद्योग बंधु के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment