प्रयागराज: जिलाधिकारी ने सम्भावित बाढ़ की तैयारियों के सम्बंध में की समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी ने सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के दिए निर्देश

प्रयागराज 25 जून। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में गुरूवार को संगम सभागार में सम्भावित बाढ़ की तैयारियों के सम्बंध में स्टीयरिंग ग्रुप/स्टेक होल्डर के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण किए जाने का निर्देश सभी सम्बंधित विभागों को दिए है। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर बाढ़ चौकियों को चिन्हित करते हुए उनमें सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय से सुनिश्चित किए जाने तथा केन्द्रों की ऑनलाइन फीडिंग कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बाढ़ के समय स्थापित किए जाने वाली शरणालयों के लिए चिन्हित विद्यालयों में विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई, मरम्मत के कार्य सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को चुस्त-दूरूस्त बनाये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने चिन्हित विद्यालयों की जिला स्तरीय अधिकारियों के द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का सत्यापन कर जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने चिन्हित बाढ़ राहत चौकियों के बारे में पहले से ही सम्बंधित क्षेत्र के लोेगो को मुनादी कराकर अवगत कराने के लिए कहा है। उन्होंने सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां 15 जुलाई के पूर्व ही पूर्ण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने टेण्डर सम्बंधी कार्यवाहियों को समय से पूर्ण करने तथा बाढ़ के समय राहत व बचाव कार्य के लिए लगाये जाने वाले अधिकारियों की ड्यूटी लिस्ट को अद्यतन करने के लिए कहा है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को खराब न होने वाले राशन सामग्रियों के कुछ पैकेटों की व्यवस्था अभी से ही कराये जाने के लिए कहा है।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों व सम्बंधित अधिकारियों से कम्युनिकेशन प्लान को अद्यतन रखने तथा बाढ़ से प्रभावित होने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में सम्बंधित तहसील के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग व अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के मोबाइल नम्बर भी लिखाये जाने के लिए कहा है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों व अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा मौसम से सम्बंधित व अन्य चेतावनियों के बारे में जारी होने वाले संदेशों को ज्यादा से ज्यादा प्रसारित करने तथा क्विक रिस्पांश के लिए कहा है। उन्होंने वज्रपात से बचाव व गहरे जल में स्नान न किए जाने हेतु लोगो को जागरूक कराने के लिए भी कहा है। बैठक में जिलाधिकारी ने बक्शी बांध, मोरी गेट, मम्फोर्डगंज एसटीपी सहित सभी स्थानों पर पम्पिंग स्टेशनों की क्रियाशीलता की जांच कर उन्हें क्रियाशील रखने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने बाढ़ के समय स्लूज गेटों के बंद होने पर पानी की निकासी के लिए पम्पों की क्रियाशीलता को चेक कराते हुए उनकों क्रियाशील बनाये जाने तथा स्लूज गेटों की ऑयलिंग व ग्रीसिंग भी कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में बोरी, बालू की उपलब्धता, लाइफ जैकेट, नांव की लिस्टिंग व दर निर्धारित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने जलभराव, नालों की सफाई, सीवर की सफाई एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने का निर्देश नगर निगम एवं जल संस्थान को दिया है। उन्होंने नगर क्षेत्र के अल्लापुर, जार्जटाउन सहित अन्य क्षेत्र, जहां बरसात से जल भराव की स्थिति उत्पन्न होती है, वहां पर नालों की साफ-सफाई में विशेष ध्यान दिए जाने के लिए कहा है, जिससे पानी का बहाव तेजी से और वाटर लागिंग न होने पाये। उन्होंने मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को पशुओं की दवाईयों, टीकाकरण, भूसा-चारा एवं पेयजल की समुुचित एवं पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी ने बाढ़ के समय उत्पन्न होने वाली बीमारियों से बचाव हेतु दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था, ब्लीचिंग, फागिंग, कीटनाशक एवं एण्टीलार्वा का छिड़काव नियमित रूप से कराये जाने हेतु पहले से सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा है कि मेडिकल किट एवं मोबाइल एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था रहे, जिससे कि जहां पर भी आवश्यकता हो, वहां पर तत्काल राहत पहुंचायी जा सके। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ढीले एवं जर्जर तारों एवं जर्जर पोलों को पहले से ही ठीक कराये जाने हेतु विद्युत विभाग को निर्देशित किया है। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया है कि जिन-जिन क्षेत्रों में बाढ़ का पानी प्रत्येक वर्ष आता है तथा प्रकाश व विद्युत की समस्या उत्पन्न होती है, ऐसे क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था की की समुचित तैयारी रखे।

जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पर बाढ़ आने की सम्भावना रहती है, वहां पर पहले से ही पेट्रोमैक्स, सोलर लाइट आदि की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने नांव एवं मोटर बोट की उपलब्धता भी सुनिश्चित किए जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा बाढ़ चौकियों में पुलिस पेट्रोलिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पुलिस विभाग को कहा है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणकर बाढ़ चौकियों एवं शरणालयों को चिन्हित किए जाने एवं उनकी स्थापना के सम्बंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा है। सम्भावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पीने के पानी की व्यवस्था हेतु पानी के टैंकर की भी व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जल स्तर से सम्बंधित रिपोर्ट को समय से उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह सहित अन्य अपर जिलाधिकारीगण, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार व खण्ड विकास अधिकारी व अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

द दस्तक 24
प्रभारी पत्रकार तहसील कोरांव प्रयागराज उमाशंकर कुशवाहा 7571974858

Leave a Comment