मिश्रिख (सीतापुर)। तहसील क्षेत्र के ग्राम काशीपुर मजरा उत्तरधौंना निवासी मुन्ना पुत्र चौधीराम ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में जल निकासी की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव की वर्षों पुरानी गंदे पानी की नाली, जो पूर्व दिशा से पश्चिम दिशा की ओर जाती है, उसे कुछ लोगों द्वारा मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि उक्त नाली सुरेश पुत्र बांकेलाल तथा नरेश पुत्र अवधेश के मकान के सामने से होकर गुजरती है। आरोप है कि दोनों पक्षकार समय-समय पर नाली में मिट्टी डालकर उसका प्रवाह रोक देते हैं, जिसके कारण गंदा पानी गांव में भर जाता है और आसपास रहने वाले लोगों को आवागमन व स्वच्छता संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।मुन्ना का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी उप जिलाधिकारी मिश्रिख को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष ब्राह्मण समाज से संबंधित है तथा ग्राम प्रधान भी उसी समाज से होने के कारण उन्हें निष्पक्ष न्याय नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर विपक्षी पक्ष फौजदारी पर आमादा हो जाता है, जिससे गांव में तनाव का माहौल बना रहता है।इसी समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष श्यामलाल भारती ने भी ग्रामीणों के साथ उप जिलाधिकारी मिश्रिख को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए नाली से अवैध अतिक्रमण हटाने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराने की मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान मुन्ना, मोहित, कैलाश, आकाश, अंकुल यादव, अजय, तेजपाल, महेश, बनवारी लाल सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। :::
सीतापुर: नाली बंद होने से जल निकासी बाधित, ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
