फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जून 2026 भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं समाजसेवी डॉ. रजनी सरीन के 77 वर्ष की आयु में निधन पर बुधवार को उनके आवास लोहाई रोड पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश और जिले के भाजपा नेताओं सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ डॉ. रजनी सरीन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
श्रद्धांजलि सभा में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, डी.एस. राठौर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. रजनी सरीन के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व और समाजसेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. रजनी सरीन का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। श्रद्धांजलि सभा का समापन दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना के साथ हुआ।
