फर्रुखाबाद:एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने थाना मऊदरवाजा का किया निरीक्षण, कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा पर दिया जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जून 2026 अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद फतेहगढ़ के भ्रमण के दौरान थाना मऊदरवाजा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

एडीजी ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क तथा अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही थाना परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया और व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित, संवेदनशील एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने थाना में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से भी संवाद स्थापित किया। उन्होंने नवआरक्षियों को पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्राथमिक दायित्व जनता में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना है, जिसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारी एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहे। एडीजी ने पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।

Leave a Comment