फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जून 2026 जनपद के गंगा तटीय क्षेत्रों को नदी कटान से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चल रही कटाव निरोधक परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को गंगा नदी के बाएं तट पर स्थित ग्राम पैलानी दक्षिण से ढाई घाट तक पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि लगभग 400.02 लाख रुपये की लागत से 1400 मीटर लंबाई में परकोपाइन (Porcupine) पद्धति द्वारा कटाव निरोधक कार्य कराया जा रहा है। यह परियोजना गंगा नदी के तटवर्ती गांवों, कृषि भूमि और जनसंपत्ति को नदी कटान के खतरे से सुरक्षित रखने के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि परियोजना के तहत कुल 26 स्पर (Spur) बनाए जाने हैं, जिनमें से 24 स्पर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष दो स्पर निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा तट संरक्षण के लिए किए जा रहे स्लोप फिनिशिंग कार्य भी अंतिम चरण में हैं।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप युद्धस्तर पर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना को 15 जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि कटाव निरोधक कार्यों के पूरा होने से गंगा नदी के किनारे बसे गांवों को राहत मिलेगी, कृषि भूमि का संरक्षण होगा और नदी कटान की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कायमगंज, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से गंगा तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिलेगा।
