फर्रुखाबाद;अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी सम्मेलन में सम्मानित होंगे यश भारती डॉ. राम कृष्ण राजपूत, बैंकॉक और नोमपेन्ह में मिलेगा विशेष सम्मान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जून 2026 अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुरातत्वविद्, इतिहासकार, साहित्यकार एवं यश भारती सम्मान से अलंकृत डॉ. राम कृष्ण राजपूत 3 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी सम्मेलन में भाग लेने के लिए विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान उन्हें थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक तथा कंबोडिया की राजधानी नोमपेन्ह में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिष्ठित सुभाष चन्द्र बोस सम्मान एवं राजा नरोदम सिहानुक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. राम कृष्ण राजपूत देश-विदेश में अपनी विद्वता, शोध कार्यों और सांस्कृतिक योगदान के लिए विख्यात हैं। उन्हें हिन्दुस्तानी अकादमी सम्मान सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। राष्ट्रीय अभिलेखागार, नई दिल्ली के महानिदेशक द्वारा भी उन्हें पुरातत्व एवं इतिहास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त उन्हें देश और विदेश की विभिन्न संस्थाओं द्वारा सैकड़ों सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।

सम्मेलन में भाग लेने वाले विद्वानों में डॉ. राजपूत सबसे वरिष्ठ, सर्वाधिक शैक्षणिक योग्यताओं से युक्त तथा सर्वाधिक सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिष्ठित प्रतिभागियों में शामिल होंगे। अंतर्राष्ट्रीय संगठन को लोकप्रिय बनाने तथा नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा जाता है।

दुर्लभ संग्रहालय के स्वामी, अनेक भाषाओं की पांडुलिपियों के संग्रहकर्ता तथा 68 पुस्तकों के लेखक डॉ. राजपूत ने पिछले 25 वर्षों तक फर्रुखाबाद महोत्सव को निष्पक्ष एवं समर्पित भाव से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। विदेश यात्रा के दौरान उनकी हाल ही में प्रकाशित पुस्तकों ‘फतेहगढ़नामा’, ‘फर्रुखाबाद के ख्याल लागनी गायक’ तथा ‘इंडोनेशिया-मलेशिया की यात्राएं’ का भी विमोचन किया जाएगा।

बैंकॉक और नोमपेन्ह सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में डॉ. राजपूत विशेष अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे। विदेश यात्रा से लौटने के बाद वह बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों, शोधकर्ताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा करेंगे।

यह जानकारी सेवानिवृत्त प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय संगठन, दिल्ली के श्री राम चन्द्र द्वारा जारी प्रेस नोट में दी गई।

Leave a Comment